मुहर्रम को लेकर कुंवरगांव पुलिस अलर्ट, थानाध्यक्ष ने किया पैदल मार्च
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव बदांयू । मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के उद्देश्य से कुंवरगांव पुलिस ने क्षेत्र में पैदल मार्च कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। थानाध्यक्ष राजेश कौशिक के नेतृत्व में पुलिस बल ने नगर के प्रमुख बाजारों, संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों का भ्रमण किया।
इस दौरान थानाध्यक्ष ने स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और धर्मगुरुओं से संवाद कर आपसी भाईचारे और शांति बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।
पुलिस प्रशासन द्वारा सोशल मीडिया की भी लगातार निगरानी की जा रही है। भ्रामक अथवा आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित करने वालों के विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जाएगी। संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और क्षेत्र में लगातार गश्त जारी है।


थानाध्यक्ष राजेश कौशिक ने आमजन से किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की सूचना तुरंत पुलिस को देने की अपील करते हुए सामाजिक सौहार्द बनाए रखने में सहयोग मांगा। उन्होंने कहा कि मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी तरह सतर्क और प्रतिबद्ध है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com