बदायूं
चोरी का खुलासा: पायल और नकदी सहित आरोपी गिरफ्तार, पुलिस ने भेजा जेल
केशव गुप्ता
बदायूं। फैजगंज बेहटा थाना पुलिस ने चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई एक जोड़ी पायल और 2,120 रुपये नकद बरामद किए हैं।
जानकारी के अनुसार ग्राम खेड़ादास निवासी नीरज सिंह ने थाना फैजगंज बेहटा में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर की अलमारी में रखे आभूषण और नकदी चोरी कर ले गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत फैजगंज बेहटा पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए औरछी चौराहे से इस्लामनगर मार्ग पर चकमार्ग के पास से आरोपी आनन्द पुत्र जसवंत निवासी बुद्धनगर खडुवा, थाना चन्दौसी, जनपद संभल को गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से चोरी की एक जोड़ी पायल (सफेद धातु) तथा 2,120 रुपये नकद बरामद हुए। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में संबंधित धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में चोरी और अन्य अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com