बदायूं
उसावां में जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ, डॉ. शैलेश पाठक बोले- मोदी सरकार के 12 वर्षों में हर वर्ग का हुआ विकास
केशव गुप्ता
उसावां। केंद्र सरकार के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण के सफल 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में विकास खंड उसावां परिसर में आयोजित जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का उद्घाटन भाजपा नेता डॉ. शैलेश पाठक ने फीता काटकर किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेकर विभिन्न सरकारी योजनाओं और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया।
मुख्य अतिथि डॉ. शैलेश पाठक ने मेले में गर्भवती महिलाओं की गोद भराई की तथा उन्हें फल भेंट किए। वहीं नवजात शिशुओं को खीर खिलाकर उनके बेहतर स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिविर में आए लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर चिकित्सकीय परामर्श एवं आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। इस दौरान पौधारोपण कार्यक्रम भी आयोजित किया गया।
डॉ. शैलेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण का संकल्प लगातार आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि जनकल्याणकारी योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होता है, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। ऐसे जनसेवा कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए ताकि समाज के प्रत्येक वर्ग का विकास सुनिश्चित हो सके।
कार्यक्रम में विकास खंड अधिकारी, खंड शिक्षा अधिकारी, मंडल अध्यक्ष राहुल कुमार लोधी, पूर्व मंडल अध्यक्ष ओमप्रताप सिंह, जिला कार्यकारिणी सदस्य अरविंद अग्निहोत्री, मंडल उपाध्यक्ष पंकज मिश्रा, मंडल मंत्री शिवम पांडेय, अवधेश, सुभाष यादव, विनोद सहित भाजपा कार्यकर्ताओं एवं क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी रही।
जनकल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले के सफल आयोजन पर उपस्थित सभी अतिथियों और सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।







badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

