6:13 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

पुलिस का वारंटियों पर बड़ा प्रहार, एक रात में 75 NBW अभियुक्त गिरफ्तार

बदायूं

पुलिस का वारंटियों पर बड़ा प्रहार, एक रात में 75 NBW अभियुक्त गिरफ्तार

एसएसपी अंकिता शर्मा के निर्देशन में चला विशेष अभियान, जिलेभर में ताबड़तोड़ दबिश देकर फरार वारंटियों को दबोचा

केशव गुप्ता

बदायूं। जनपद में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बदायूं पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देशन में 13/14 जून 2026 की रात चलाए गए विशेष अभियान के दौरान जिलेभर की पुलिस टीमों ने कार्रवाई करते हुए 75 गैर-जमानती वारंट (NBW) अभियुक्तों को गिरफ्तार किया।
पुलिस द्वारा चलाए गए इस अभियान में नगर, उझानी, दातागंज, सहसवान, बिल्सी और बिसौली सर्किल के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दबिश दी गई। अभियान के दौरान लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों को उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष पेश करने की कार्रवाई शुरू की गई।
अभियान में सबसे अधिक गिरफ्तारी कादरचौक और वजीरगंज थाना क्षेत्र से 11-11 वारंटियों की हुई। इसके अलावा उसहैत से 7, दातागंज से 6, उझानी से 5, कुंवरगांव से 4, सिविल लाइंस, अलापुर, हजरतपुर और जरीफनगर से 3-3, बिनावर, उझानी, बिसौली, उघैती और फेजगंज बेहटा से 2-2 तथा अन्य थाना क्षेत्रों से भी वारंटियों को गिरफ्तार किया गया। सहसवान क्षेत्र में तीन वारंटियों की गिरफ्तारी के साथ एक वारंटी की मृत्यु होने की भी पुष्टि हुई।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार न्यायालय से जारी गैर-जमानती वारंटों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान गिरफ्तार सभी अभियुक्तों के विरुद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जा रही है।
बदायूं पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अपराधियों, वारंटियों और वांछित अभियुक्तों के खिलाफ ऐसे विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे, जिससे जनपद में कानून का राज कायम रहे और आमजन में सुरक्षा की भावना मजबूत हो।
सोशल मीडिया सेल, बदायूं पुलिस के अनुसार जनपदीय पुलिस टीम द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान में कुल 75 वारंटी अभियुक्तों की गिरफ्तारी कर महत्वपूर्ण सफलता हासिल की गई है।

विज्ञापन एक्सप्रेस