सीएम युवा उद्यमी योजना में ऋण के नाम पर कमीशन मांगने का आरोप
पीड़ित ने डीएम से शिकायत कर की कार्रवाई की मांग
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव अम्बियापुर स्थित पंजाब नेशनल बैंक शाखा पर सीएम युवा उद्यमी योजना के तहत ऋण स्वीकृति में अनियमितता और कमीशनखोरी के आरोप लगे हैं। मामले में एक युवक ने डीएम को शिकायती पत्र देकर जांच कर कार्रवाई की मांग की है।
बिल्सी के मोहल्ला संख्या आठ निवासी एवं शिकायतकर्ता विजय सिंह ने बताया कि उसने सीएम युवा उद्यमी योजना के अंतर्गत रेडीमेड गारमेंट व्यवसाय के लिए पांच लाख रुपये ऋण हेतु आवेदन किया था। आरोप है कि वह मार्च 2026 से लगातार बैंक शाखा के चक्कर लगा रहा है, लेकिन बैंक अधिकारियों द्वारा उसे टालमटोल कर वापस भेज दिया जाता है।
पीड़ित का आरोप है कि 8 जून 2026 को जब वह बैंक प्रबंधक से मिला तो उसे बैंक में निजी तौर पर कार्य कर रहे दो व्यक्तियों से बातचीत करने के लिए कहा गया। आरोप है कि उन व्यक्तियों ने ऋण स्वीकृत कराने के एवज में 10 प्रतिशत कमीशन की मांग की। शिकायतकर्ता ने कमीशन देने से साफ इनकार कर दिया।
युवक ने अपने शिकायती पत्र में कहा है कि बैंक शाखा में भ्रष्टाचार चरम पर है तथा आम ग्राहक सीधे बैंक कर्मचारियों से अपनी बात तक नहीं रख पाते। उसका आरोप है कि शाखा का कार्य निजी व्यक्तियों के प्रभाव में संचालित हो रहा है।
शिकायतकर्ता ने डीएम से पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराकर बैंक शाखा में निजी तौर पर हस्तक्षेप करने वाले व्यक्तियों एवं संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करने की मांग की है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

