बदायूं
IGRS में बदायूं पुलिस का प्रदेश में डंका, 135 में 135 अंक हासिल कर यूपी में पाई पहली रैंक
बदायूं
बदायूं। जन सुनवाई पोर्टल (आईजीआरएस) पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित एवं गुणवत्तापरक निस्तारण में बदायूं पुलिस ने पूरे उत्तर प्रदेश में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। शासन द्वारा माह मई-2026 के लिए किए गए मूल्यांकन में बदायूं जनपद को पुलिस विभाग की श्रेणी में प्रदेश के 75 जनपदों में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।
मा. मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट जनसुनवाई पोर्टल पर आने वाली शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के नेतृत्व में बदायूं पुलिस ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विशेष बात यह रही कि जनपद के 22 थानों में से 12 थानों ने भी अपने-अपने स्तर पर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया।
शासन द्वारा जारी मूल्यांकन रिपोर्ट के अनुसार बदायूं पुलिस को सभी मानकों पर शत-प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। शिकायतों की मार्किंग एवं अग्रसारण, डिफॉल्टर शून्य रहने, संतुष्ट फीडबैक, उच्चाधिकारियों एवं मुख्यमंत्री कार्यालय के श्रेणीकरण, रैंडम जांच, फील्ड विजिट रिपोर्ट, जनता दर्शन फीडिंग तथा प्रोफाइल अपडेटेशन समेत सभी बिंदुओं पर अधिकतम अंक मिले। परिणामस्वरूप जनपद को कुल 135 में से 135 अंक प्राप्त हुए और पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम रैंक हासिल हुई।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा एवं नोडल अधिकारी आईजीआरएस अपर पुलिस अधीक्षक नगर श्री अभिषेक कुमार सिंह ने प्रभारी आईजीआरएस निरीक्षक श्री अशोक कुमार काम्बोज तथा उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए सम्मानित किया।
बदायूं पुलिस की यह उपलब्धि जन शिकायतों के प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com