बदायूं
कबूतर हत्याकांड में पुलिस का बड़ा एक्शन: जनदबाव के बाद दर्ज हुआ मुकदमा, आरोपियों पर शिकंजा कसने की तैयारी
केशव गुप्ता
सहसवान (बदायूँ)। थाना सहसवान क्षेत्र के ग्राम परसौना में बेजुबान कबूतरों की कथित हत्या के मामले में आखिरकार पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले को लेकर क्षेत्र में लगातार चर्चा और लोगों के बढ़ते आक्रोश के बीच यह कार्रवाई की गई है। मुकदमा दर्ज होने के बाद अब पूरे घटनाक्रम पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं।
जानकारी के अनुसार, कबूतरों की हत्या की घटना सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और पशु प्रेमियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की थी। आरोप लगाए जा रहे थे कि शुरुआती स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और कुछ लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही थी। हालांकि मामला लगातार सुर्खियों में रहने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया।
बताया जा रहा है कि वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा के हस्तक्षेप के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया और मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज किया गया। इसके बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है तथा संबंधित आरोपियों की भूमिका की पड़ताल की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि बेजुबान पक्षियों के साथ हुई इस घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। लोगों ने उम्मीद जताई है कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेगी, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
फिलहाल मुकदमा दर्ज होने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है और अब सभी की नजर पुलिस जांच तथा आगे होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई है। बेजुबान पक्षियों को न्याय दिलाने की मांग के बीच प्रशासन की अगली कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
