बदायूं
इस्लामनगर पुलिस की बड़ी कामयाबी: बाबरिया गैंग के दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, लूटे गए आभूषण और नकदी बरामद
बदायूं। जनपद बदायूं की थाना इस्लामनगर पुलिस ने हाल ही में कस्बा इस्लामनगर और ग्राम सिठौली में हुई डकैती और लूट की वारदातों का सफल खुलासा करते हुए बाबरिया गैंग के दो वांछित एवं फरार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए आभूषणों के साथ 5,500 रुपये नकद भी बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार 19/20 मई 2026 की रात कस्बा इस्लामनगर एवं ग्राम सिठौली में बदमाशों ने घरों में घुसकर मारपीट करते हुए लूट और डकैती की घटनाओं को अंजाम दिया था। मामले में थाना इस्लामनगर पर तीन अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं अंकिता शर्मा ने शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए थे, जिसके बाद विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
गठित टीम ने मुखबिर की सूचना पर 27 मई को बिल्सी रोड स्थित विक्रमपुर-चरसौरा तिराहे के पास वाहन चेकिंग के दौरान बाबरिया गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को धर दबोचा। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तेजपाल उर्फ टेपाल पुत्र नौबत निवासी परतापुर थाना बहजोई जनपद सम्भल तथा काले पुत्र ओमी निवासी गेशुपुर थाना सिकन्दराबाद जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से एक जोड़ी खड़ुआ, बच्चे के गले का तीर-कमान, टूटी हुई पाजेब, बच्चे की अंगूठी और 5,500 रुपये नकद बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अपने अन्य साथियों के साथ संगठित गिरोह बनाकर वारदातों को अंजाम देते हैं।
कच्छा-बनियान पहनकर करते थे वारदात
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उनका गिरोह पहले मांगने-खाने के बहाने गांवों और घरों की रेकी करता था। इसके बाद रात के समय कच्छा-बनियान पहनकर घरों में घुसता और डकैती व लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी हुई है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार गिरफ्तार आरोपी काले के खिलाफ बुलन्दशहर जिले में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं दोनों आरोपियों पर इस्लामनगर में दर्ज डकैती और लूट के मुकदमों में भी कार्रवाई की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई को थाना इस्लामनगर के थानाध्यक्ष उदयवीर सिंह और उनकी टीम ने अंजाम दिया। पुलिस अधिकारियों ने इसे क्षेत्र में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया है।
केशव गुप्ता

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com