ईमानदारी की मिसाल: मंडी गेट पर मिले 5 लाख रुपये, आढ़ती ने लौटाकर जीता दिल।
उझानी, बदायूं 5 मई।
उझानी मंडी समिति से मंगलवार को ईमानदारी की एक ऐसी मिसाल सामने आई जिसने हर किसी का दिल जीत लिया। यहां के गल्ला आढ़ती हरीओम गुप्ता ने मंडी गेट पर पड़े 5 लाख रुपये के पैकेट को उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाकर नेकनीयती का परिचय दिया।
व्यापारी रोहताश गुप्ता के पुत्र पीयूष गुप्ता मंगलवार पूर्वाह्न ICICI बैंक से 25 लाख रुपये निकालकर अपनी आढ़त पर जा रहे थे। बैंक से मिले पांच-पांच लाख के पांचों पैकेट उन्होंने बैग में रखे थे। बेग बाइक के हेंडिल पर टांग लिया। मंडी गेट पर बैग से उतरते समय एक पैकेट अचानक गिर गया, जिसका उन्हें आभास तक नहीं हुआ। आढ़त पहुंचने पर रुपये कम देख उनके होश उड़ गए। उन्होंने तत्काल खोजबीन शुरू की।
इसी बीच मंडी समिति परिसर में ही प्रतिष्ठान चलाने वाले आढ़ती हरीओम गुप्ता को गेट पर 5 लाख का पैकेट पड़ा मिला। उन्होंने बिना देर किए मंडी में पूछताछ की। जब पता चला कि रुपये व्यापारी पीयूष के हैं, तो वे स्वयं उनकी आढ़त पर पहुंचे और पूरी रकम उन्हें सौंप दी।
रकम वापस मिलते ही पीयूष गुप्ता व उनके परिवार ने राहत की सांस ली। घटना की जानकारी होते ही मंडी के व्यापारियों ने हरीओम गुप्ता की ईमानदारी और नेकनीयती की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
ऐसे समय में जब छोटी रकम के लिए भी लोग ईमान डगमगा देते हैं, हरीओम गुप्ता ने 5 लाख जैसी बड़ी रकम लौटाकर समाज के सामने एक अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया है।
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com