कुंवरगांव। थाना क्षेत्र के गांव कसेर गटइया निवासी युवक से साइबर ठगों ने फर्जी ऑनलाइन ट्रांजेक्शन का झांसा देकर हजारों रुपये हड़प लिए। ठग ने पहले भरोसा जीतने के लिए खुद को परिचित बताकर बात की, फिर अस्पताल में भर्ती बेटे के इलाज का बहाना बनाकर जाल बिछाया।
मुनेंद्र कुमार पुत्र खेमकरन के मुताबिक, एक अज्ञात नंबर से कॉल आई। कॉलर ने दोस्त बनकर बातचीत शुरू की और कुछ देर बाद बताया कि उसका बेटा अस्पताल में भर्ती है और उसे तत्काल पैसों की जरूरत है। मुनेंद्र के मना करने पर ठग ने कहा कि वह उनके खाते में ऑनलाइन रुपये भेज रहा है, लेकिन तकनीकी दिक्कत के चलते वह रकम उसके परिचित के खाते में डलवा दें। इसके बाद ठग ने 35 हजार और 45 हजार रुपये के ट्रांजेक्शन के फर्जी मैसेज भेजकर भरोसा दिलाया कि रकम आ चुकी है। झांसे में आकर मुनेंद्र ने अलग-अलग किश्तों में करीब 15 हजार रुपये तीन बार और करीब 30 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए। कुछ देर बाद कॉलर का नंबर बंद हो गया, तब ठगी का एहसास हुआ। पीड़ित ने मामले की शिकायत साइबर सेल में दर्ज कराई है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com