उसावां में मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न, विकास व जनसेवा का लिया संकल्प

केशव गुप्ता
उसावां। नगर पंचायत उसावां के वीसी कार्यालय परिसर में आज उत्तर प्रदेश शासन द्वारा मनोनीत सभासदों का शपथ ग्रहण समारोह गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष महत्व प्रदान किया।
समारोह में दातागंज विधायक राजीव कुमार सिंह ‘बब्बू भैया’ मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उनके साथ अध्यक्ष पति अनिल सिंह चौहान, नगर पंचायत उसावां के अधिशासी अधिकारी देवेंद्र कुमार गौतम तथा दातागंज के उपजिलाधिकारी (एसडीएम) भी मौजूद रहे।
इस अवसर पर दातागंज न्यायिक एसडीएम रिपुदमन सिंह ने राजकुमार गुप्ता, शेर सिंह सागर एवं तुलसीराम को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई। शपथ ग्रहण के उपरांत उपस्थित जनप्रतिनिधियों व अतिथियों ने नवनियुक्त सभासदों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल कार्यकाल की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने नवनियुक्त सभासदों से अपेक्षा की कि वे जनता की आकांक्षाओं पर खरा उतरते हुए नगर के समग्र विकास, स्वच्छता, सुंदरीकरण एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय भूमिका निभाएं। साथ ही ‘अंत्योदय’ के सिद्धांत को अपनाते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की रोशनी पहुंचाने पर विशेष बल दिया गया।
समारोह में उपस्थित सभी लोगों ने दातागंज क्षेत्र के चहुंमुखी विकास और जनसेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस अवसर पर पूर्व मंडल अध्यक्ष ओम प्रताप सिंह, वर्तमान मंडल अध्यक्ष राहुल कुमार लोधी, नारायण गुप्ता, डीके गुप्ता, अरुल प्रताप सिंह, धर्मेंद्र सिंह, पवन कुमार गुप्ता, ओमेंद्र कश्यप सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com