कुंवरगांव में खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, नमूने भरकर जांच को भेजे
कुंवर गांव संवाददाता
कुंवरगांव। चैत्र नवरात्रि के दृष्टिगत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने क्षेत्र में विशेष अभियान चलाकर खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की सघन जांच की। अभियान के दौरान आमजन को सुरक्षित और शुद्ध खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सी एल यादव, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी आर पी सिंह सहित विभिन्न दुकानों पर छापेमारी की गई।
इसी क्रम में कुंवरगांव स्थित मनोज ट्रेडर्स से रोस्टेड चौलाई का एक नमूना जांच हेतु संग्रहित किया गया। अधिकारियों ने बताया कि नमूने को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है, रिपोर्ट आने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान टीम ने किराना दुकानों, डेयरी संचालकों और मिठाई भंडारों को कड़े निर्देश देते हुए साफ कहा कि मिलावटखोरी या लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दुकानदारों को खाद्य पदार्थ ढककर रखने, साफ-सफाई बनाए रखने और वैध लाइसेंस के साथ ही कारोबार संचालित करने के निर्देश दिए गए।
अभियान की तेज-तर्रार कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। कई किराना दुकानदारों, डेयरी संचालकों और मिठाई भंडार संचालकों ने कार्रवाई के डर से अपने प्रतिष्ठानों के शटर तक गिरा दिए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम में सी एल यादव,आर पी सिंह सीमा यादव, माता शंकर बिंद, राजेंद्र नाथ मिश्रा,सहित संबंधित अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे, जिन्होंने आमजन को मिलावटी खाद्य पदार्थों के दुष्प्रभाव के प्रति भी जागरूक किया।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

