बदायूं : रुहेलखंड के सुप्रसिद्ध मिनी कुंभ मेला ककोड़ा में इन दिनों श्रद्धा और आस्था का अद्भुत संगम देखने को मिल रहा है। गंगा तट पर दूर-दराज़ के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। हल्की ठंड और गंगा में जल की कमी के बावजूद श्रद्धालु मां गंगा में आस्था की डुबकी लगा रहे हैं। श्रद्धालु अपने निजी वाहनों, ट्रैक्टर-ट्रालियों, मोटरसाइकिलों, टेंपो और साइकिलों से लगातार मेले में पहुंच रहे हैं। मेले में पहुंचते ही श्रद्धालु तंबू लगाकर ठहर रहे हैं। कई श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ टेंटों में भोजन बनाते और प्रसाद वितरित करते नजर आ रहे हैं। मेले में रौनक दिन प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। बच्चों के मनोरंजन के लिए झूले लग चुके हैं और मौत का कुआं भी देखने को मिलेगा। मेले में मीना बाजार की दुकानें सज रही हैं, वहीं परचून, चाय-नाश्ता, चाट-पकौड़ी, मूंगफली और पूरी-सब्जी की दुकानें भी श्रद्धालुओं की भीड़ से गुलजार हैं। मुख्य मार्गों पर दिनभर आवाजाही बनी हुई है। मेले में हर ओर हर हर गंगे के जयघोष गूंज रहे हैं और श्रद्धा का माहौल मन को भक्ति में डुबो रहा है। ककोड़ा मेला इस बार एक बार फिर आस्था, परंपरा और उत्सव का भव्य प्रतीक बनकर पूरे रुहेलखंड में चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

