6:45 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदांयू जिले में फैला अवैध पैथोलॉजी लेब का मकड़जाल

बदांयू 25 अक्टूबर।

बदांयू में पैथोलॉजी लेब संचालन में अनियमितताएं

बदांयू में स्वास्थ्य विभाग की जांच में बड़ा खुलासा हुआ है। जिले में 15 पैथोलॉजी का पंजीकरण है, जबकि बिना पंजीकरण और मानकों की अनदेखी कर करीब 250 पैथोलॉजी संचालित हो रही हैं। इनमें से 30 से अधिक निजी पैथोलॉजी तो जिला अस्पताल के सामने दो किलोमीटर के दायरे में ही संचालित की जा रही हैं।

स्वास्थ्य विभाग की टीम कभी कभार जांच कर इनको सील कर देती है, लेकिन तीन दिन में कागज दिखाने की मोहलत देने के बाद सब कुछ ठीक हो जाता है। इस कारण इन पर अंकुश नहीं लग पा रहा है।

पैथोलॉजी संचालन में अनियमितताएं-

– अधिकांश पैथोलॉजी में एमडी, पैथोलॉजिस्ट नहीं हैं।
– लैब टेक्नीशियन ही रिपोर्ट बनाते हैं।
– डायग्नोस्टिक सेंटर के संचालन के लिए रेडियोलॉजिस्ट का होना अनिवार्य है, लेकिन तमाम निजी पैथोलॉजी संचालक विभाग को गुमराह करने के लिए कलेक्शन सेंटर के नाम से पैथोलॉजी का संचालन कर रहे हैं।
– गलत जांच रिपोर्ट आने से मरीजों का सही इलाज नहीं हो पा रहा है।

स्वास्थ्य विभाग की कार्रवाई-
कभी कभार स्वास्थ्य विभाग आफिस से निकल कर चेकिंग के नाम पर खानापूर्ति की जाती है किसी को नोटिस कोई सील कर दी जाती है,दो चार दिन बाद फिर से अवैध पैथोलॉजी सेंटर खुल जाते हैं।

पैथोलॉजी संचालन के मानक-

– सीएमओ कार्यालय में पंजीकरण
– पैथोलॉजिस्ट की तैनाती होनी चाहिए
– लैब टेक्नीशियन व माइक्रोबायोलॉजिस्ट की तैनाती होनी चाहिए
– स्वच्छता और वेंटिलेशन और पर्याप्त जगह होनी चाहिए
– परीक्षण के लिए उपकरण, सैंपल एरिया, फ्रीज आदि होना चाहिए
– मेडिकल अपशिष्ट निस्तारण की व्यवस्था होनी चाहिए
– लैब के बाहर जांच की सूची और शुल्क की सूची लगी होनी चाहिए
– पंजीकरण की स्थिति और लाइसेंस आदि की जानकारी भी होनी चाहिए
– तैनात डॉक्टर, पैथोलॉजिस्ट आदि की सूचना चस्पा होनी चाहिए
– फायर सेफ्टी सिस्टम होना चाहिए
– अग्निशमन विभाग से जारी एनओसी होनी चाहिए
– आपातकालीन निकास द्वार होना चाहिए

सीएमओ डॉ रामेश्वर मिश्रा का कहना है कि एक पैथोलॉजिस्ट के दस्तावेज पर दो लैब के संचालन के निर्देश हैं। जांच रिपोर्ट में पैथोलॉजिस्ट के हस्ताक्षर होना जरूरी है। मानकों की अनदेखी करने पर जांच के बाद कार्रवाई की जाती है। आगे अभियान चलाकर इन अवैध पैथोलॉजी सेंटरों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस