बदायूं। मोहब्बत का पैगाम लिए ईद-ए-मिलादुन्नबी का मौका एक बार फिर करीब आ रहा है। इस खास मौके को लेकर हजरत मेहंदी मियां साहब वाली मस्जिद के इमाम सोहेल फरशोरी ने बताया कि इस साल यह मौका और भी खास होने वाला है, क्योंकि पैगंबर ए इस्लाम हजरत मोहम्मद सल्लल्लाहु अलैहि वसल्लम की विलादत को पूरे 1500 साल पूरे हो रहे हैं। इस तारीखी मौके मुस्लिम इलाकों में जश्न ए मिलादुन्नबी की तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। इमाम सोहेल फरशोरी ने बताया कि पैगंबर मोहम्मद साहब को इस्लाम धर्म का मार्गदर्शक माना जाता है, यही कारण है उनके यौम ए पैदाइश का दिन मुसलमानों के लिए खास होता है. इस दिन को ईद ए मिलाद उन नबी कहा जाता है।
ईदों की ईद है, ईद ए मिलादुन्नबी, जानें क्यों मुसलमानों के लिए इतना खास है यह पर्व
इमाम सोहेल फरशोरी ने बताया कि इस्लामिक कैलेंडर के अनुसार ईद ए मिलादुन्नबी का त्योहार तीसरे महीने में रबी उल-अव्वल के 12वें दिन मनाया जाता है. जोकि इस साल 05 सितंबर को है। इस्लाम धर्म को मानने वाले लोगों के लिए यह दिन बहुत ही खास है, क्योंकि यह दिन अल्लाह के दूत कहे जाने वाले पैगंबर मोहम्मद साहब से जुड़ा हुआ है।
क्यों मनाई जाती है ईद ए मिलाद उन नबी
इमाम सोहेल फरशोरी ने बताया कि पैगंबर मोहम्मद सहाब की जन्मतिथि को ‘मिलाद’ कहा जाता है, जोकि अरबी से लिया गया है और इसका हिंदी अर्थ ‘जन्म’ से होता है. इस तरह से ईद-ए-मिलादुन्नबी पर्व का मतलब ‘पैगंबर हजरत मुहम्मद साहब’ के जन्म से है।
ईद ए मिलादुन्नबी का महत्व
इमाम सोहेल फरशोरी ने बताया कि ईद ए मिलादुन्नबी मुसलमानों और इस्लाम धर्म को मानने वालों के लिए बेहद खास दिन है। इस दिन को लोग खुशियों के साथ किसी उत्सव या जश्न की तरह मनाते हैं। इस्लामी दुनिया के निर्माण और मार्गदर्शन में पैगंबर मुहम्मद साहब का बहुत बड़ा योगदान रहा है। इसी मुबारक दिन में अल्लाह ने पैगंबर मोहम्मद साहब को जाहिलियत के अंधेरे से बाहर निकालने के लिए भेजा।
कैसे मनाते हैं ईद ए मिलादुन्नबी का पर्व
इमाम सोहेल फरशोरी ने बताया कि इस दिन लोग घर और मस्जिदों को सजाते हैं, तरह तरह के पकवान बनाए जाते हैं. घर और मस्जिदों में इस दिन रोनक देखने को मिलती है। लोग पैगंबर मोहम्मद साहब के बताए शांति, भाईचारे, प्रेम, अल्लाह की इबादत और सच्चाई के रास्ते चलने की सीख को याद करते हैं। पवित्र ग्रंथ कुरान की तिलावत पढ़ी जाती है और लोग एक दूसरे के गले लगकर ईद ए मिलादुन्नबी की मुबारकबाद देते हैं। इस मुबारक दिन पर कई जगहों पर जुलूस भी निकाले जाते हैं. गरीब और जरूरमंदों की मदद की जाती है। यह महीना मोहब्बत का पैगाम लेकर आता है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
