12:59 am Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

मौसम की ‘फिरकी’ में फंसे लोग, गर्म कपड़े नहीं पहनने से हो रहे बीमार

उझानी बदायूं 24 फरवरी।
दिन का बढता तापमान गर्मी का अहसास करा रहा है। तेज धूप से लोग बचने का प्रयास करते नजर आ रहे है। हालांकि, धूप के साथ बह रही पछुआ हवा के बावजूद लोग गरम वस्त्र उतार रहे हैं। सरकारी अस्पताल में सीजन रोगियों की संख्या भी बढ़ी है। चिकित्सक मौसम के इस बदलाव से लोगों को स्वास्थ्य के प्रति सतर्क कर रहे हैं। रविवार को अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानी ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के आसार हैं।

दिन में ही नहीं रात में भी तापमान बढ़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो अभी मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस पार जा सकता है। ऐसे में लोग शर्ट और टी शर्ट पहने नजर आने लगे हैं। हालांकि धूप के साथ पछुआ हवा के कारण मौसम में नमी का भी अहसास हो रहा है। लोगों के मुताबिक, जितनी गरमी होली के समय होती है उतनी गर्मी का अहसास अभी से होने लगा है। रात में भी मौसम एक-दो डिग्री सेल्सियस की गति से बढ़ रहा है।

सरकारी अस्पताल( सीएचसी) के चिकित्सक डॉ. राजकुमार गंगवार के मुताबिक, मौसम तेजी से परिवर्तित हो रहा है। अभी ठंड का सीजन गया नहीं है और दिन मे तेज गरमी शुरू हो गई है। किसी किसी दिन रात में भी बढ़े तापमान का अहसास हो रहा है। ऐसे समय में स्वास्थ्य के प्रति सतर्कता जरूरी है। गरम वस्त्रों को एकाएक न उतारें। पंखा-कूलर चलाते समय मौसम को जरूर ध्यान रखें। थोड़ी सी लापरवाही दिक्कत में डाल सकती है। इस दिनों मौसमी बीमारियों से पीड़ितों की संख्या बढ़ी है। मौसम परिवर्तन और सहालग का सीजन चल रहा है। खाने में ठंडा-गरम एक साथ लेने की वजह से लोग सर्दी, खांसी, गले में खराश, बुखार, सांस आदि रोगों से पीड़ित हो रहे हैं।
———————————
बढ़ते तापमान ने किसानों की बढ़ाई चिंता

बढ़ते तापमान ने किसानों की चिंता बढ़ा दी है। उन्हें फसलों के प्रभावित होने की आशंका सताने लगी है। गर्मी का असर ज्यादा होने से गेहूं की फसल को नुकसान हो सकता है। दिन के साथ रात का तापमान बढ़ना गेहूं की फसल के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। कृषि के जानकारों के मुताबिक गेहूं की फसल के लिए दिन में गरमी और रात में ठंड अच्छी मानी जाती है। गेहूं की फसल के लिए अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 10 डिग्री सेल्सियस अच्छा माना जाता है।
———————-* राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस