11:18 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी क्षेत्र में गेहूं की फसल गिरी, आलू सरसों को भी नुकसान ,किसानों ने की मुआवजे की मांग

****** उझानी बदायूं 22 फरवरी।
जिले में बृहस्पतिवार देर रात दो घंटे बारिश और ओलावृष्टि हुई। कई जगह गेहूं की फसल गिर गई। क्षेत्र के किसानों ने सरसों आलू और गेहूं की फसल को नुकसान की आशंका जताई है। किसानों ने सरकार से सर्वे कराकर मुआवजे की मांग की है।

सरसों की फसल में बाली फूटने से नुकसान की आशंका है। हवा के झोकों को गेहूं और सरसों की फसल झेल नहीं पाई। गेहूं की बालियों में दाना भी मजबूती पकड़ने लगा था, लेकिन बारिश के दौरान हवा ने फसल को गिरा दिया। किसानों ने बताया कि नमी के साथ ही जमीन पर बिछी फसल का सीधा प्रभाव पैदावार पर पड़ेगा।

किसानों ने बताया कि इस समय खेतों में आलू की खुदाई चल रही है। इन दिनों खेतों में सब्जियों का राजा आलू की भी बंपर पैदावार हुई है और आलू पक कर तैयार हो गया है। किसान आलू को खोदने की जुगत में कई जगहों पर खुदाई भी शुरु हो गई है। ऐसे में किसानों ने पूर्व से आलू के पाल को काट दिया है, लेकिन मौसम परिवर्तन के कारण किसान आलू को लेकर भी परेशान हैं।
नरऊ के किसान महावीर सिंह ने बताया है कि बारिश ने किसानों की आलू की खुदाई पर प्रभाव डाला है। खुदाई के समय हुई बारिश से आलू की बुआई करने वाले किसान बहुत चितिंत है। किसानों ने आलू की चल रही खुदाई को बंद कर दिया। इस समय आलू पका हुआ है, बारिश से आलू में हरापन आ जाएगा। जिससे आलू की क्वालिटी गिरती है। जिससे न तो किसानों को आलू का अच्छा भाव मिलता है और न ही ग्राहक आलू पकड़ता है।
किसान सर्वेश ने बताया कि गुरुवार में हुई बारिश और हवाओं ने गेहूं व सरसों की फसल में नुकसान पहुंचाया है। गेहूं की फसल पूरी तरह खेतों में बिछ गई है। ऐसे में इस बार उत्पादन 20 प्रतिशत तक कम हो सकता है। वहीं आगे भी अगर बारिश होती रही तो गेहूं का दाना भी काला पड़ जाएगा। इससे सरकारी केंद्रों पर विक्रय भी नहीं किया जा सकेगा।
किसान रामवीर शाक्य ने बताया कि ओले व तेज हवा से सरसों की फसल को भारी नुकसान है। फसल खेतों में ही गिर गई जिससे सरसों की फसल पर आई फली का दाना खेतों में गिर गया। जिस कारण किसानों को सरसों की फसल से नुकसान पहुंचेगा। किसानों ने फसलों के नुकसान का मुआवजा दिलाने की मांग की है। प्रशासन से सर्वे कराने का अनुरोध किया है।——————– राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस