।
उझानी-बदांयू 10 अगस्त।
श्रावण मास में बीती रात श्रद्धा और आस्था का अनुपम नजारा देखने को मिला। पुरानी अनाज मंडी स्थित शिव मंदिर में समाजसेवी मनीष गोयल सर्राफ की मेजबानी में आयोजित ‘मूंछों वाले भोलेनाथ’ की भव्य महाआरती में हजारों श्रद्धालु देर रात तक झूमते रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मंदिर के महंत दिनेश चंद्र पाठक ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। उन्होंने यजमान मनीष गोयल, पत्नी रिया गोयल, पुत्र सिद्धार्थ और पुत्री तान्या गोयल सहित पूरे परिवार के साथ शिव-परिवार का विधिवत पूजन कराया।
इससे पूर्व मंदिर परिसर को आकर्षक विद्युत झालरों, रंग-बिरंगे फूलों और दीपों से सजाया गया। शिव-परिवार के साथ राम दरबार की प्रतिमाएं भी विशेष रूप से सज्जित की गईं। शंख, घंटों और भजन की गूंज से पूरा वातावरण शिवमय हो गया।
जैसे ही महाआरती शुरू हुई, श्रद्धालुओं ने ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से आकाश गुंजा दिया। आस्था का सैलाब इस कदर उमड़ा कि मंदिर परिसर सहित आसपास की गलियां भी खचाखच भर गईं। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग हाथों में दीप लेकर आरती में शामिल हुए और भक्ति में लीन दिखे।
महाआरती के समापन पर भक्तों में प्रसाद वितरित किया गया। श्रद्धालुओं ने कहा कि ऐसा दिव्य नजारा वर्षों बाद देखने को मिला।
इस अवसर पर मनीष गोयल ने कहा कि भोलेनाथ की असीम कृपा से हर वर्ष की भांति इस बार भी महाआरती में अभूतपूर्व भक्तिभाव देखने को मिला। आयोजन में प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग करने वाले सभी भक्तजनों का मैं हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।
पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
रिपोर्ट: राजेश वार्ष्णेय।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

