6:19 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बहुजन समाज की एकजुटता से ही सामाजिक न्याय की लड़ाई होगी मजबूत : प्रदीप सरोहा

बदायूं

बहुजन समाज की एकजुटता से ही सामाजिक न्याय की लड़ाई होगी मजबूत : प्रदीप सरोहा

बदायूं/बिल्सी/बांसबरौलिया। ग्राम बांसबरौलिया में शुक्रवार को पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार बहुजन स्वाभिमान संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के एससी-एसटी प्रकोष्ठ के सचिव एवं ब्रज जोन प्रभारी प्रदीप सरोहा मुख्य अतिथि तथा उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी एससी-एसटी प्रकोष्ठ के उपाध्यक्ष कृष्ण वीर सिंह चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष ओंकार सिंह ने की।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रदीप सरोहा ने कहा कि आज बहुजन समाज को एकजुट होने की आवश्यकता है। यदि सभी लोग एकजुट होकर कांग्रेस पार्टी के साथ मजबूती से खड़े होंगे तो वर्तमान सरकार को हटाने में सफलता मिलेगी। उन्होंने कहा कि बहुजन समाज को जिन अधिकारों का लाभ मिलना चाहिए था, वे आज भी पूरी तरह नहीं मिल पाए हैं। बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के बताए सिद्धांतों पर चलते हुए अपने अधिकारों की प्राप्ति के लिए संगठित होना आवश्यक है।

उन्होंने कहा कि बदायूं जनपद में कांग्रेस के एससी-एसटी प्रकोष्ठ संगठन को और अधिक मजबूत बनाने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के आयोजक हरी दर्शन सागर की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि संगठन को मजबूत करने के लिए उनका यह प्रयास सराहनीय है।

विशिष्ट अतिथि कृष्ण वीर सिंह चौधरी ने कहा कि हम सभी बाबा साहब डॉ. अंबेडकर के विचारों की प्रशंसा तो करते हैं, लेकिन उनके बताए मार्ग पर चलने का प्रयास कम करते हैं। उन्होंने कहा कि बाबा साहब ने बहुत सीमित संसाधनों में लोगों को जागरूक करने का अभियान शुरू किया था। यदि आज बहुजन समाज उनके सिद्धांतों को अपनाए तो वह अपने अधिकारों को प्राप्त करने में सफल होगा।

अध्यक्षीय संबोधन में ओंकार सिंह ने कहा कि एससी-एसटी प्रकोष्ठ में जिसे भी संगठन की जिम्मेदारी मिलेगी, कांग्रेसजन उसे पूरा सहयोग देंगे और संगठन को मजबूत बनाने का कार्य करेंगे।

प्रदेश कांग्रेस कमेटी की पूर्व सचिव एवं जिला पंचायत सदस्य श्रीमती रजनी सिंह बागी ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों के लिए निरंतर संघर्ष की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूती से उठाने का कार्य कांग्रेस नेता राहुल गांधी कर रहे हैं तथा महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होकर आगे बढ़ना होगा।

इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी की उपाध्यक्ष श्रीमती सुनीता सिंह, जिला प्रवक्ता श्रीमती उपासना सिंह, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी बिल्सी के अध्यक्ष अनुग्रह सिंह, जिला महासचिव आलोक सिंह, अल्पसंख्यक कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष तथा अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि यदि एससी-एसटी समाज और अन्य वर्ग पुनः कांग्रेस की विचारधारा के साथ मजबूती से जुड़ते हैं तो प्रदेश और देश की राजनीति में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

उत्तर प्रदेश किसान कांग्रेस के महासचिव गौरव सिंह राठौर एवं जिला कांग्रेस कमेटी के महासचिव इकलाश हुसैन ने कहा कि यदि सभी समाज कांग्रेस की विचारधारा के साथ एकजुट होकर खड़े हों तो वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होगा।

कार्यक्रम का संचालन एवं आयोजन हरी दर्शन सागर ने किया। उन्होंने सभी अतिथियों एवं उपस्थित जनसमुदाय का स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

कार्यक्रम में ऋषभ सागर, देवपाल, अमर सिंह, शिव कुमार सागर, मुन्नालाल सागर, विमलेश सागर, सोहनलाल सागर, प्रेमपाल सागर, रामरक्षा सागर, नरेश कुमार सागर, श्रीमती मुन्नी देवी, श्रीमती प्यारी देवी, श्रीमती प्रेमवती देवी, श्रीमती शिवकुमारी देवी, नरेंद्र कुमार, धर्मेंद्र सिंह, शिव कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस