12:29 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

मोबाइल लौटाने के बहाने बुलाया, दोस्त पर जहर देकर हत्या का आरोप; इलाज के दौरान युवक की मौत

बदायूं

मोबाइल लौटाने के बहाने बुलाया, दोस्त पर जहर देकर हत्या का आरोप; इलाज के दौरान युवक की मौत

केशव गुप्ता

बदायूं। शहर के सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। मृतक की पत्नी ने उसके दोस्त पर जहर देकर हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कृष्णापुरी कॉलोनी निवासी 27 वर्षीय संजीव शर्मा की तबीयत जहरीला पदार्थ खाने से अचानक बिगड़ गई थी। परिजनों ने पहले उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। उपचार के दौरान संजीव की मौत हो गई।
मृतक की पत्नी प्रियंका ने आरोप लगाया कि संजीव का एक दोस्त उसे मोबाइल वापस दिलाने के बहाने अपने साथ ले गया था। उनका कहना है कि उसी ने साजिश के तहत संजीव को जहरीला पदार्थ खिलाया, जिससे उसकी जान चली गई। प्रियंका ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी पहले संजीव की बाइक गिरवी रखवा चुका था और उसका सब्जी का ठेला भी बिकवा दिया था।
परिजनों के अनुसार 31 मई की सुबह संजीव घर से निकले थे। कुछ समय बाद उनका दोस्त उन्हें बेहोशी की हालत में घर के बाहर छोड़कर चला गया। इसके बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन उनकी जान नहीं बच सकी।
प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला जहरीला पदार्थ खाने से मौत का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की गहन जांच कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच में जुटी है।

विज्ञापन एक्सप्रेस