10:36 am Thursday , 23 July 2026
BREAKING NEWS

साधु के भेष में ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, ग्रामीणों की सतर्कता से बची बड़ी वारदात

*बदायूं*

*साधु के भेष में ठगी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, ग्रामीणों की सतर्कता से बची बड़ी वारदात*

बदायूं | उसावां/उसैहत क्षेत्र
जनपद बदायूं में एक बार फिर साधु के भेष में ठगी करने वाले गिरोह का मामला सामने आया है, जहां ग्रामीणों की सूझबूझ और तत्परता से एक बड़ी ठगी की घटना का खुलासा हुआ। उसावां थाना क्षेत्र के पास ग्रामीणों ने ठगी कर भाग रहे तीन आरोपियों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, उसैहत थाना क्षेत्र के ग्राम मूजखेड़ा में तीन युवक साधु का वेश धारण कर मोटरसाइकिल से गांव में पहुंचे और भिक्षा मांगने के बहाने लोगों से संपर्क करने लगे। इसी दौरान वे पिंकी पत्नी पप्पू के घर पहुंचे और उसे भयभीत करते हुए कहा कि उसके घर पर “ऊपरी संकट” है और पहले भी परिवार में अनिष्ट हो चुका है।
डरी-सहमी महिला ने जब उनसे उपाय पूछा, तो ठगों ने उसे झांसे में लेते हुए सोने के आभूषण आटे पर रखकर लाने को कहा। महिला ने पहले अपनी नाक की लौंग आटे के साथ रख दी, लेकिन ठगों ने और “बड़े संकट” का हवाला देकर भारी आभूषण की मांग की। इस पर महिला ने अपना मंगलसूत्र भी उतारकर आटे के साथ उन्हें सौंप दिया।
इसके बाद ठगों ने महिला को भगवान का स्मरण करते हुए पूरब दिशा की ओर मुख करके स्तुति करने को कहा। इसी दौरान उन्होंने चालाकी से सोने के आभूषण अपनी पोटली में छिपा लिए और महिला को आटे की पोटली थमाते हुए कहा कि इसे तीन दिन बाद खोलना, तभी उसके सभी कष्ट दूर होंगे।
हालांकि महिला को शक होने पर उसने तुरंत आटे की पोटली खोलकर देखा, जिसमें आभूषण गायब थे। ठगी का एहसास होते ही उसने शोर मचा दिया। महिला की आवाज सुनकर ग्रामीण तुरंत सक्रिय हो गए और मोटरसाइकिल से भाग रहे तीनों ठगों का पीछा किया।
ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद उसावां क्षेत्र के समीप आरोपियों को पकड़ लिया। गुस्साए ग्रामीणों ने उनके साथ अभद्रता भी की, लेकिन बाद में समझदारी दिखाते हुए उन्हें पुलिस के हवाले कर दिया।
इस संबंध में उसावां थाना अध्यक्ष राजेंद्र सिंह ने बताया कि घटना उसैहत थाना क्षेत्र के ग्राम मूजखेड़ा की है, जिसकी सूचना संबंधित थाना पुलिस को दे दी गई है। वहीं उसैहत थानाध्यक्ष देवेंद्र सिंह ने कहा कि तहरीर मिलने के बाद आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी।

*केशव गुप्ता*

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.