मां कात्यायनी की आराधना में डूबा बिल्सी, मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
बिल्सी। चैत्र नवरात्र के छठे दिन मां दुर्गा के छठे स्वरूप मां कात्यायनी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई। नगर के विभिन्न मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने जलाभिषेक कर माता रानी का पूजन किया और सुख-समृद्धि की कामना की। नगर के मोहल्ला संख्या एक के प्राचीन हनुमानगढ़ी मंदिर, नवदुर्गा मंदिर, शिव शक्ति भवन मंदिर, मां शीतला देवी मंदिर, कुटी मंदिर और देववाणी मंदिर सहित अन्य देवी मंदिरों में विशेष सजावट की गई थी। मंदिरों में भक्ति गीतों और जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां कात्यायनी के दर्शन कर प्रसाद चढ़ाया और परिवार की खुशहाली की कामना की। वहीं, कई भक्तों ने व्रत रखकर मां की आराधना की। नगर के कुटी मंदिर एवं नीलकंठेश्वर महाराज मंदिर में महिलाओं ने भजन-कीर्तन कर माता रानी का गुणगान किया। भजनों की मधुर धुन पर श्रद्धालु भाव-विभोर नजर आए। पूरे नगर में नवरात्र का उल्लास देखने को मिल रहा है। मंदिरों के बाहर सुरक्षा और व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे। श्रद्धालु पूरे श्रद्धा भाव के साथ मां कात्यायनी की भक्ति में लीन नजर आए।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com