यूपी कॉप -24 घंटे तो दूर तीन दिन बाद भी नहीं दिख रही ऑनलाइन एफआईआर
बदांयू 26 दिसंबर।
बदांयू जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में दर्ज हो रही प्राथमिकी यूपी कॉप पर 24 घंटे में अपलोड होनी है। स्थिति यह है कि तीन दिन बाद भी यह ऑनलाइन नहीं दिखाई पड़ रही है। कई महत्वपूर्ण घटनाओं की एफआईआर चार से पांच दिन बाद दिखाई पड़ रही हैं।
हेडक्वार्टर से इसकी ऑनलाइन मॉनिटरिंग की जाती है। ऐसे में जिम्मेदार नेटवर्किंग व टेक्निकल फॉल्ट का हवाला देकर पल्ला झाड़ ले रहे हैं। यूपीकॉप एप आमजनों की सुविधा के लिए उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा विकसित किया गया है।
इससे पीड़ित घर बैठे ऑनलाइन एफआईआर दर्ज कर सकता है। यहीं नहीं पुलिस से जुड़ी कई सुविधाएं जैसे चरित्र प्रमाण पत्र, वाहन सत्यापन, ई-चालान भी इसी एप के माध्यम से प्राप्त कर सकता है।
इससे उन्हें थानों के चक्कर नहीं लगाना पड़ता है।
इसके दुरुपयोग (ठगी) के मामले भी सामने आए हैं, जिसपर पुलिस सतर्कता बरत रही है। यहीं नहीं बड़े मामलों में लिखित रूप से पीड़ितों द्वारा दर्ज कराए गए एफआईआर के मामले में वह ऑनलाइन एफआईआर की काॅपी निकालकर देख सकते हैं कि उनके द्वारा क्या दर्ज कराया गया था और ऑनलाइन हुए एफआईआर कॉपी में क्या दर्ज है।
बावजूद स्थिति यह है कि यहां एफआईआर की काॅपी आनलाइन देखने के लिए पीड़ितों को 24 घंटे नहीं करीब तीन से चार दिन का इंतजार करना पड़ता है। ऐसे में उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर जिम्मेदारों द्वारा कभी नेटवर्किंग तो कभी टेक्निकल फॉल्ट का हवाला दे रहे हैं।
————
एफआईआर दर्ज होने के 24 घंटे के अंदर ऑनलाइन दिखाई देने लगता है। कभी- कभी टेक्निकल फॉल्ट और नेटवर्किंग के चलते समस्या आती है। इस पूरे मामले की उच्चाधिकारियों द्वारा मॉनिटरिंग की जाती है। – डॉ ब्रजेश कुमार सिंह, एसएसपी बदांयू।
केस एक-
उझानी में एक्सीडेंट में मृतक एक युवक की मौत के बाद प्राथमिकी उसी रात दर्ज होने के बाद यूपी कॉप एप पर अगले दिन अपलोड नहीं थी। जबकि इस मामले में प्राथमिकी घटना के दिन ही देर रात दर्ज हो गई थी।—–
केस दो- बदांयू कोतवाली क्षेत्र की रिंगालिया कालोनी में प्रीति वर्मा के घर में उन्हें बंधक बनाकर चार बदमाशों ने लाइसेंसी पिस्टल के साथ लाखों की नकदी गहने लूट कर ले गये, यूपी काॅप पर एफआईआर दो दिन बाद नजर आई।———
केस तीन -कोतवाली क्षेत्र एक गांव में नशीला पदार्थ खिलाकर अश्लील फोटो खींचकर सोशल मीडिया पर वायरल करने के मामले में पुलिस ने पीड़िता की मां की तहरीर पर प्राथमिकी तो दर्ज कर ली लेकिन ऑनलाइन एफआईआर दिखने में कई घंटे लग गए।——
अमन वार्ष्णेय
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
