3:35 pm Saturday , 1 August 2026
BREAKING NEWS

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया समावेशी शिक्षा का प्रशिक्षण

आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिया समावेशी शिक्षा का प्रशिक्षण
अंबियापुर में संपन्न हुआ तीन दिवसीय प्रशिक्षण शिविर
बिल्सी। बीआरसी केंद्र अम्बियापुर पर समावेशी शिक्षा के तहत को-लोकेटेड आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों की पहचान, उनकी आवश्यकताओं को समझना और उन्हें शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने की प्रक्रिया को सशक्त बनाना रहा। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को दिव्यांग बच्चों से संबंधित प्रोटोकॉल की विस्तृत जानकारी दी गई। इसमें बच्चों की प्रारंभिक जांच, स्क्रीनिंग, आवश्यक निर्देशों के पालन और विद्यालयों में उनके समावेशन के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। विशेषज्ञों ने बताया कि प्रारंभिक स्तर पर सही पहचान और समय पर हस्तक्षेप से दिव्यांग बच्चों को बेहतर शैक्षिक एवं सामाजिक अवसर उपलब्ध कराए जा सकते हैं। समापन दिवस पर खंड शिक्षाधिकारी गौतम प्रकाश ने कहा कि दिव्यांग बच्चों की समय रहते पहचान कर उन्हें विद्यालयी शिक्षा से जोड़ना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया कि ऐसे बच्चों को सम्मानजनक जीवन यापन का अवसर दिलाने और समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए सकारात्मक सोच और संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों से अपील की कि वे अपने क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाते हुए प्रत्येक पात्र बच्चे तक शिक्षा की रोशनी पहुंचाएं। प्रशिक्षण में मास्टर ट्रेनर अनिल कुमार शुक्ला, सर्वेश कुमार पाल एवं मनोज सिंह ने विभिन्न सत्रों के माध्यम से व्यावहारिक जानकारियां साझा कीं। यहां कुल 32 आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने प्रतिभाग किया।

विज्ञापन एक्सप्रेस