।

तापमान स्थिर होने के बाद भी महसूस होती रही ठंड
बदांयू 2 दिसंबर।
हिंदी माह पूस (पौष) ने आने से पहले ही ठंड बढ़ गई है। मंगलवार सुबह को पछुआ हवा की रफ्तार ने गलन भरी ठंड का एहसास कराया। अधिक व न्यूनतम तापमान स्थिर रहने के बाद भी ठंड में बढ़त महसूस की गई। मौसम विभाग का मानना है कि इस माह कड़कड़ाती ठंड का सामना बदांयू के निवासियों को करना पड़ सकता है।
पूस प्रारंभ होने में अभी दो दिन शेष हैं। 4 दिसम्बर को मार्गशीर्ष महीने की समाप्ति होगी और पूस माह की शुरुआत होगी।
लेकिन जाड़ा इससे पहले ही बढ़ गया है। सोमवार को बादलों और पछुआ हवा की जुगलबंदी के असर से मौसम सर्द महसूस किया गया। अधिकतम तापमान 20 और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
बादलों की आवाजाही और तेज हवा के कारण दृश्यता का ग्राफ दोपहर बाद कमजोर होता गया और शाम पांच बजे के बाद ठिठुरन भरी ठंड का असर महसूस किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में मौसम पूरे माह इसी तरह रहने वाला है और पछुआ ने अगर और रफ्तार पकड़ी तो शीतलहर की स्थिति भी उत्पन्न होगी। कोहरे की बात करें तो इसके घनत्व में इजाफे का अनुमान है। इसके कारण दिन के समय भी दृश्यता कमजोर रहने वाली है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
