बदायूं के उझानी में एक नाबालिग बच्चे की हत्या के मामले में पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पुरानी रंजिश के चलते बच्चे की गला दबाकर हत्या कर दी थी और शव को अपने घर में गड्डा कर दबा दिया था। बाद में शव को खाली प्लॉट में फेंक दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 नवंबर 2025 को उझानी के मोहल्ला नझियाई (चटईया) में 8 वर्षीय सुभान पुत्र अम्बर लापता हो गया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं ने घटनास्थल का निरीक्षण कर घटना के अनावरण के लिए तीन टीमें गठित कीं।
22 नवंबर 2025 को सुबह करीब 6 बजे लापता बच्चे का शव मोहल्ला नझियाई (चटईया) में खाली प्लॉट में मिला। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अरवाज पुत्र जाकिर (18 वर्ष) और जाकिर पुत्र किफायत (50 वर्ष) के रूप में हुई है, जो दोनों पड़ोसी हैं।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने पुरानी रंजिश के चलते बच्चे को सोनपापड़ी देने के बहाने अपने घर बुलाया और गला दबाकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को अपने घर में गड्डा कर दबा दिया। पुलिस की तलाश के डर से उन्होंने शव को निकालकर खाली प्लॉट में फेंक दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
