उझानी बदांयू 6 मार्च
जिले में तेज रफ्तार से चल रहीं पछुआ हवाओं के कारण खेत में बिछी गेहूं की फसल। जिले में दो दिन से करीब 20 किलोमीटर प्रति घंटा की गति से चल रहीं पछुआ हवा ने किसानों के माथे पर चिंता की लकीरें खींच दी। तेज गति से चल रही पछुवा हवा से फसलों को नुकसान हो रहा है। अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। कल की अपेक्षा आज सुबह से हवा का रूख थोडा धीमा है।
रबी की फसल में अब तक किसानों के अनुकूल कुछ भी नहीं रहा है। मार्च माह में अप्रैल-मई जैसी हवाएं चल रही हैं। ऊपर से तेजी से बढ़ रहा तापमान कोढ़ में खाज का काम कर रहा है। तापमान बढ़ने और हवाओं की वजह से खेत की नमी तेजी से सूख रही है। इसकी वजह से गेहूं की फसल में उपज कम होने के आसार बढ़ गए हैं। इस समय सरसों और गेहूं दोनों की फसल पकने की अवस्था में है। तापमान बढ़ने की वजह से खेत की नमी तेजी से सूख रही है। खेत की नमी गायब होने की वजह से गेहूं के दाने कमजोर ही रह जाएंगे और पैदावार 25 से 30 फीसदी कम रहने के आसार हैं।
—————————-
अभी सिंचाई न करें किसान
कृषि बैज्ञानिकों ने बताया कि किसानों को चाहिए कि इस समय गेहूं की फसल की सिंचाई कतई न करें। दाना सेट हो जाने के बाद हल्की सिंचाई करें। सिंचाई भी उस समय करें जब हवाएं न चल रही हो। तीव्र गति से हवाएं चलने पर फसलों की गिरने की संभावना बढ़ जाती है इससे पैदावार और भी कम हो जाती है। आगामी एक दो दिन और इसी प्रकार से हवाएं चलती रहेंगी। तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। बारिश होने के आसार नहीं है।
——————————————-
सरकार ने रोक दी गेहूं की सरकारी खरीद, जल्द जारी होगी नई तिथि
उत्तर प्रदेश सरकार ने खरीद केंद्रों पर एक मार्च से प्रस्तावित की गई गेहूं की खरीद पर रोक लगा दी गई है। जल्द नई तिथि जारी होगी। दरअसल, पिछले साल भी एक मार्च से खरीद शुरू की गई थी। मगर, इसका अधिक लाभ सरकार को नहीं मिला था। इसके चलते इस बार इस पर रोक लगाई गई है।
———————————- राजेश वार्ष्णेय एमके।



badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com