5:00 pm Friday , 30 May 2025
BREAKING NEWS

भारतीय सैनिकों के शौर्य और पराक्रम से आतंकवादी मिटेंगे, विश्व में होगी शांति : संजीव

– भारतीय सैनिकों में अतुलित शक्ति के लिए किया यज्ञ

बदायूं : पहलगाम में आतंकी हमले के बाद भारतीय सैनिकों ने ऑपरेशन सिंदूर चलाकर पाकिस्तान में आतंकियों के ठिकानों को ध्वस्त किया। ईश्वरीय सत्ता भारतवासियों की रक्षा करे और भारतीय सैनिकों को अतुलित शक्ति प्रदान करें। जिससे वह आतंकियों का जड़मूल से सफाया कर सकें। इस निमित्त प्रखर बाल संस्कारशाला के कैंप कार्यालय दबिहारी में गायत्री महायज्ञ हुआ। यज्ञ भगवान को आहुतियां समर्पित कर लोकमंगल की कामना की गई।
गायत्री परिवार के संजीव कुमार शर्मा ने वेदमंत्रोच्चारण कर यज्ञ संपन्न कराया। उन्होंने कहा कि भारतीय सेना का शौर्य और पराक्रम राष्ट्र की सुरक्षा, अखंडता एवं शांति के लिए समर्पित है। वह आतंकवाद का समूल नाश कर देशवासियों को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। भारत विश्व मित्र के रूप में, न केवल अपनी सीमाओं की रक्षा करता है, बल्कि संकट की घड़ी में अन्य राष्ट्रों की सहायता कर वैश्विक मानवता का भी संरक्षण करता है।
परिव्राजक बेचे लाल ने कहा कि घर परिवार और समाज से बढ़कर राष्ट्र सेवा सर्वोपरि है। राजा दशरथ ने यज्ञ की रक्षा के लिए अपने प्राणों से प्रिय श्री राम और लक्ष्मण को महर्षि विश्वामित्र के साथ भेजा। आज राष्ट्र की रक्षा के लिए भारत के वीर सपूत विश्व धरा से आतंकवादियों को खत्म करने के लिए संकल्पित हैं।
आत्मीय परिजनों ने गायत्री मंत्र और महामृत्युंजय मंत्र की विशेष आहुतियां यज्ञ भगवान को समर्पित कर राष्ट्र को समृद्धशाली और शक्तिशाली बनाने की कामना की।
इस मौके पर मृत्युंजय शर्मा, हेमंत, सौम्या शर्मा, दीप्ति, खुशहाली, मान्या, सौरभ आदि मौजूद रहे।

error: Content is protected !!