बिसौली। शनिवार को आयोजित निशान भगवा यात्रा व श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव को लेकर श्याम सेवा सेवादार परिवार युद्धस्तर पर तैयारियों में जुट गया है। मदनलाल इंटर कालेज के विशाल मैदान में संगठन के पदाधिकारियों ने महोत्सव की तैयारियों का जायजा लिया। श्याम सेवादार परिवार के धर्मेंद्र वार्ष्णेय व चितरंजन गुप्ता ने बताया कि शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे बुधबाजार से दबतोरी रोड स्थित खाटूश्यामजी धाम तक भव्य निशान भगवा यात्रा निकाली जाएगी। शाम सात बजे से मदनलाल इंटर कालेज मैदान में श्री श्याम संकीर्तन महोत्सव में प्रख्यात भजन सम्राट कन्हैया मित्तल व भजन गायिका आयुषी राज अपने सुरों से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। कार्यक्रम स्थल पर विशाल पंडाल आदि की व्यवस्थाओं को देर रात तक पूरा कर लिया जाएगा।
